सामना संवाददाता / मुंबई
एक तरफ जहां लोग मॉनसून की बड़ी आस के साथ प्रतीक्षा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मॉनसून कोकण में पहुंचने के बाद थम गया है। इसके साथ ही पूरे महाराष्ट्र में तेजी से पैâलने लगा है। दूसरी तरफ रविवार से मंगलवार तक मुंबई-ठाणे में मेघगर्जना के साथ मूसलाधार बारिश होगी। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट, जबकि सिंधुदुर्ग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि तीन दिनों तक जरूरत होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
मॉनसून कोकण में प्रवेश कर चुका है और फिलहाल तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। चूंकि यह स्थिति अभी कुछ दिनों तक जारी रहेगी इसलिए सिंधुदुर्ग के लिए भी ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। इसके अलावा कोकण, मराठवाड़ा में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर कोकण, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कई स्थानों के साथ ही उत्तर मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
प्रदेश के कई जिलों को चेतावनी
आईएमडी ने ठाणे, मुंबई, पालघर, रायगड में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा जलगांव, धुले, कोल्हापुर, नांदेड़, लातूर, परभणी, हिंगोली जिलों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सातारा, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, धाराशिव जिलों में अगले ४८ घंटों के लिए बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पुणे और नगर इलाके में कुछ जगहों पर बूंदा-बांदी होगी।