– समुद्री किनारे बोट से होगी पेट्रोलिंग
धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई
मायानगरी सहित देश और दुनियाभर के लोग २०२४ की कड़वी यादें भूल नई आस के साथ नए साल के स्वागत की तैयारी में जुटे हैं। आम लोगों के लिए यह मौका जश्न का जरूर होता है, मगर पुलिस के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होता। थर्टी फर्स्ट यानी ३१ दिसंबर को महानगर की कानून-व्यवस्था बनाए रखने के ४० हजार पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे, जो शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे। साथ ही मुंबईकरों के साथ ही यहां नया साल मनाने के लिए आने वाले सैलानियों की रखवाली करेंगे। इसी के साथ ही शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए न केवल तीसरी आंख का भी इस्तेमाल की जाएगी, बल्कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस वाले सिविल ड्रेस में तैनात रहेंगे। साथ ही समुद्री किनारे बोट से पेट्रोलिंग भी किया जाएगा। इतना ही नहीं पियक्कड़ वाहन चालकों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
नए वर्ष के स्वागत को लेकर मुंबई सहित राज्यभर में जश्न की तैयारी चल रही हंै। किशोरों से लेकर बड़े और बूढ़े सभी धमाल मचाने की तैयारियों में जुटे हैं। इस दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस पूरी तरह से सतर्कता बरत रही है। शहर में ४० हजार पुलिस अधिकारियों और जवानों को तैनात रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक स्थानीय थानों की सुरक्षा व्यवस्था के आलावा सशस्त्र बल, राज्य रिजर्व पुलिस बल, दंगा नियंत्रण बल, क्यूआरटी टीम, बीडीएस, विशेष शाखा, क्राइम ब्रांच, मुंबई टैफिक पुलिस और होमगार्ड को तैनात किया गया है। सूत्रों के मुताबिक नए वर्ष के स्वागत के लिए मुंबई शहर में गेट वे ऑफ इंडिया, गिरगांव चौपाटी, दादर चौपाटी, माहिम, जुहू, वर्सोवा, मढ़, गोराई चौपाटी, पवई तालाब के साथ ही धार्मिक स्थालों, मॉल, नेताओं के पुतले और गर्दी वाले स्थानों पर मुंबई पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इस दौरान महिलाओं के साथ बदसलूकी की घटना को रोकने के लिए विशेष पुलिस बल तैनात रहेंगे।