सामना संवाददाता / मुंब्रा
मुंब्रा बाईपास पर आज सुबह 8 बजे के करीब फिर एक दुर्घटना हुई, जिसमें एक ऑइल टैंकर पलट गया और सड़क पर तेल ही तेल फैल गया। जिसकी वजह से घंटों ठाणे-पनवेल मार्ग जाम रहा।
मुंब्रा बाईपास, जिसे शहर की कई राजनीतिक पार्टियों ने खूनी बाईपास का नाम देकर उसकी बनावट और यहां आए दिन होने वाली घटनाओं पर कई बार आंदोलन किया, चक्काजाम किया, बाईपास कई कई महीने बंद कर के इसकी मरम्मत का दावा भी किया गया, लेकिन उसके बावजूद यहां दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह ८ बजे के करीब रहमानिया हॉस्पिटल के निकट जहां खतरनाक किस्म का मोड़ है, यहां से टाटा कंपनी का ट्रक गुरमुख सिंह नामी ड्राइवर वसई से बंगलुरु, 21 टन बैरल घुलनशील कटिंग तेल (केवल औद्योगिक उपयोग के लिए) ले कर जा रहा था। यहां चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और वाहन सड़क पर पलट गया और ट्रक में से तेल का बैरल फट गया और तेल सड़क पर फैल गया। खबर मिलते ही उक्त स्थल पर शहर यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी, ठामापा के आपदा प्रबंधन के कर्मचारी तथा फायर ब्रिगेडकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन सड़क पर लगभग 200 मीटर तक तेल फैल गया था। जिस पर मिट्टी फैला दी गई। उक्त दुर्घटना के कारण ठाणे से शिलफाटा राजमार्ग के एक लाइन पर लगभग 3 घंटे तक यातायात जाम रहा। मुंब्रा शहर यातायात ने उक्त कंपनी से संपर्क किया और सड़क से ट्रक उठाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।