मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
पिछले 24 घंटे में निर्भय अपराधियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस की काउंटर और बुल्डोजर छवि की हवा निकाल दिया है। दर्जन भर से ज्यादा हुई क्रूरतम हत्याओं से संबंधित स्थानों पर हर कोई खौफ में है।
सहारनपुर के गंगोह के सांगाठेड़ा गांव में शनिवार को भाजपा नेता योगेश रोहिला ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। हमले में पत्नी नेहा (32), बेटे शिवांश (4) और देवांश(7) श्रद्धा (8) गंभीर रूप से घायल हो गये। अस्पताल में उपचार के दाैरान बेटे शिवांश, देवांश और बेटी श्रद्धा ने दम तोड़ दिया। वारदात के समय गोलियों की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग और योगेश के चाचा मौके पर पहुंचे, लेकिन घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद योगेश ने दरवाजा खोला और पुलिस को फोन करते हुए बोला- मैंने अपनी पत्नी और बच्चों को गोली मार दी है। योगेश को अपनी पत्नी नेहा पर किसी से अवैध संबंध का शक था। इसी शक ने इस भयावह कांड को अंजाम दिया या कोई और वजह थी, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है और पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
राजधानी लखनऊ में काकोरी के नदवा पुल के पास शुक्रवार रात दो छात्रों की हसिया से गला रेतकर हत्या कर शव सड़क पर फेंक दिए। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।शव को देख कर ग्रामीणों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। प्रारंभिक जांच में रंजिश लग रही है। फिलहाल, सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।पुलिस ने बताया कि 25 वर्षीय मनोज और 26 वर्षीय रोहित की हत्या हुई है। दोनों काकोरी के पानखेड़ा गांव के रहने वाले हैं। मनोज आइटीआई और रोहित रेलवे की तैयारी कर रहा था। जांच में सामने आया कि दोनों शाम को तैयार होकर विवाह में जा रहे थे।
गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के ऊचौरी मलहिया बागीचे में चिलौनाकला रामपुर गांव के अनुराग सिंह और अमन चौहान की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। देर रात पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों का शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। घटना के दूसरे दिन शनिवार को पहुंचे अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीश सिंह ने शवों का अंतिम संस्कार करने से रोक दिया। वाराणसी गाजीपुर मार्ग को जाम कर दिया गया। हालांकि, शनिवार को पुलिस ने मुठभेड़ में दो हत्यारोपियों अंकित सोनकर और मेराज को गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को बुलंदशहर के जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में हाईस्कूल के छात्र की दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर हत्या से सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना के बाद एसएसपी पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की पकड़ को टीम गठित की हैं।
सोनभद्र के “रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के चेरुई पुलिस चौकी अंतर्गत मकरीबारी के पास लौवा बरिया के जंगल में शनिवार को वृद्ध महिला-पुरुष के शव मिले। दोनों शव जंगल में चट्टानों के बीच औंधे मुंह पड़े हुए थे। महिला के सिर पर गहरे चोट भी थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। चेरुई चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी दोनों की शिनाख्त नहीं हो पाई। महिला के साड़ी के आंचल पर एक फोन नंबर अंकित था। इस पर संपर्क करने पर पता चला कि वह नंबर वाराणसी के किसी शख्स का है।उसने महिला के चुनार क्षेत्र के किसी गांव का होने की बात बताई, लेकिन इससे ज्यादा जानकारी नहीं दे पाई। वह यहां जंगल तक कैसे पहुंची और उसके साथ मौजूद पुरुष के बारे में कुछ भी पता नहीं चला। देर शाम तक पुलिस छानबीन में जुटी थी।
सिद्धार्थनगर के “त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने 60 वर्षीय बड़े पिता की फावड़ा मार कर हत्या कर दिया। घटना थाना क्षेत्र के पंड़िया गांव की शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी युवक फरार हो गया।
आगरा में फतेहाबाद के थाना डौकी क्षेत्र के अंतर्गत गांव कुई कुमरगढ़ में जमीनी विवाद को लेकर वृद्ध की फावड़े से हत्या कर दी गई। गांव कुई कुमरगढ़ निवासी भोजराज पुत्र छोटेलाल उम्र 60 वर्ष और गांव के ही सियाराम पुत्र गंगाराम के बीच जमीनी विवाद चल रहा है। शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे दूसरे पक्ष ने घर पर आकर भोजराज पर हमला कर दिया। बचाने आए भाई व दो नातिनी घायल हो गईं। वृद्ध की माैत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
आगरा के सदर थाना क्षेत्र के नंदपुरा स्थित डेयरी फार्म में 22 वर्षीय एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोपालपुरा निवासी मंगल सिंह चालक है। उनका 22 वर्षीय बेटा सूरज जूता कारीगर था। शनिवार सुबह सूरज का शव लोगो ने पेड़ पर फंदे से लटका देखा। आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। जानकारी पर बड़ी संख्या में लोगों के साथ परिजन पहुंच गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।