– २०२३ की तुलना में २०२४ में ८४१ अधिक दुर्घटनाएं आईं सामने
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में सड़क दुर्घटना के मामले पिछले वर्षों की तुलना में बढ़ते नजर आए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, वर्ष २०२३ की तुलना में वर्ष २०२४ में ८४१ अधिक सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि मौत के आंकड़ों में गिरावट दर्ज की गई है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर हुई दुर्घटना में १९ प्रतशित की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर ४ प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
ट्रैफिक पुलिस डेटा के मुताबिक, राज्य में वर्ष २०२४ के दौरान ३६ हजार ८४ सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि वर्ष २०२३ में यह आंकड़ा ३५ हजार २४३ था। वहीं इन दुर्घटनाओं में मौत के आंकड़े की बात करें तो जहां वर्ष २०२३ में १५ हजार ३६६ व्यक्तियों की मौत हुई थी, वहीं २०२४ में घटकर १५ हजार ३३५ हो गई। मौत के आंकड़ों में ०.२० प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
मुंबई में हुईं कम मौतें
राज्य के धुलिया जिले में मौत के आंकड़े में सबसे अधिक २५ प्रतिशत की वृद्धि देखी गई, वहीं सिंधुदुर्ग में २३.४ प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। हालांकि, मुंबई सहित कुल २४ जिलों और शहरों में मौत के आंकड़ों में पिछले वर्ष २०२३ के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर वर्ष २०२३ में गंभीर सड़क दुर्घटनाएं ५७ थीं, जो वर्ष २०२४ में ७० पहुंच गई। वहीं राज्य में आम सड़क दुर्घटनाओं में ३९ प्रतिशत की वृद्धि और घातक सड़क दुर्घटनाओं में ४१ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। बता दें कि राज्य में ३.८ करोड़ से अधिक वाहन हैं।
-कुल सड़क दुर्घटना २०२४ – ३६,०८४
-कुल सड़क दुर्घटना २०२३ – ३५,२४३