फिल्म ‘कभी हां कभी ना’ में शाहरुख खान के साथ नजर आईं अभिनेत्री-गायिका सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने इस फिल्म में गीत भी गाये थे। खैर, सुचित्रा कृष्णमूर्ति और शेखर कपूर की बेटी कावेरी कपूर की फिल्मों में डेब्यू करने के बाद अब सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने म्यूजिक के प्रति समर्पित अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया है। पेश है, सुचित्रा कृष्णमूर्ति से पूजा सामंत की हुई बातचीत के प्रमुख अंश-
अपने यूट्यूब चैनल के बारे में कुछ बताएंगी?
हाल-फिलहाल ही में मैंने अपना पॉडकास्ट शुरू किया है, जिसे यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है। सिर्फ संगीत को समर्पित इस पॉडकास्ट में आप संगीत से संबंधित विभिन्न डॉक्यूमेंट्रीज में संगीत क्षेत्र की धुरंधर हस्तियों के इंटरव्यूज देख सकते हैं। इसे आप इंफोटेनमेंट भी कह सकते है, जहां म्यूजिक से संबंधित मनोरंजक जानकारियां, बातचीत सहित बहुत कुछ देखने को मिलेगा। संगीत से संबंधित चीजों पर मैं काफी रिसर्च कर रही हूं। उम्मीद करती हूं कि इसे देखनेवाले दर्शक मेरे पॉडकास्ट को एन्जॉय करेंगे। इस शो का निर्माण, निर्देशन और लेखन मैं खुद ही कर रही हूं।
शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘कभी हां कभी ना’ के बाद ज्यादा फिल्में न करने की क्या वजह रही?
मेरी डेब्यू फिल्म सफल रही, जिसका ज्यादातर श्रेय निर्देशक कुंदन शाह को जाता है। मेरा एक्टिंग करियर धारावाहिक ‘चुनौती’ से शुरू हुआ, जिसे काफी लोकप्रियता हासिल हुई थी। मैंने अपने एक्टिंग करियर को बहुत ज्यादा सीरियसली नहीं लिया और जब भी कोई अच्छा प्रस्ताव मिला तो मैंने उसे स्वीकार किया। दूसरी बात यह कि मैं वर्षों से संगीत सीख रही हूं और मेरी पहचान पॉप सिंगर के रूप में है। मेरे अलबम ‘डोले डोले’, ‘दम तारा’, ‘आहा’ और ‘जिंदगी’ को बढ़िया रिस्पॉन्स मिला। मेरा ध्यान संगीत और एक्टिंग में बंटा हुआ था।
शेखर कपूर से उम्र में ३० वर्ष छोटी होने के बावजूद क्या आपको नहीं लगता कि यह शादी आपके जीवन की भूल थी?
शेखर जी नामचीन निर्देशक हैं, मैंने जब उनसे विवाह किया था तब मेरी उम्र २२ और उनकी उम्र ५२ थी। उम्र में इतना अधिक फासला होना भविष्य में अखरता है क्योंकि सोच में फर्क पड़ता है। सच तो यह है कि लड़कियों को अपने करियर पर फोकस करना बेहद जरूरी है। पति और पत्नी का रिश्ता अगर संतुलित हो तो विवाह टिकता है। इस रिश्ते को निभाने की पूरी जिम्मेदारी एक की नहीं होती। खैर, मैंने काफी कम उम्र में शादी की, जिसका पछतावा करके भी अब क्या फायदा? मैं अपनी बेटी सहित दूसरी सभी लड़कियों से कहना चाहती हूं कि पढ़ाई के साथ वो अपने करियर पर ध्यान दें। विवाह के मायने समझने से पहले शादी करना और फिर जीवन भर पछताना सरासर गलत होगा। पुरुष प्रधान समाज में २५ वर्ष पहले फिल्म करने से पहले लोग मुझसे पूछते थे कि क्या आपने शेखर से पूछा था, लेकिन आज वक्त तेजी से बदला है।
शेखर कपूर और आपका वैवाहिक रिश्ता कामयाब न होने से आपकी बेटी कावेरी का बचपन बहुत प्रभावित रहा?
कावेरी के भविष्य को लेकर मैं और कावेरी के पिता शेखर काफी सतर्क हैं, लेकिन कावेरी की मैं सिंगल पैरेंट रही हूं। मैंने अकेले कावेरी की परवरिश की है। बच्चे बड़ी तकलीफदेह स्थितियों से गुजरते हैं जब पैरेंट्स के बीच रिश्ते अच्छे नहीं होते। विवाह के बाद मैं शेखर के साथ विदेश गई। कावेरी ने अपने बचपन में काफी एंजायटी का सामना किया। पति-पत्नी के अलगाव और उलझे हुए रिश्तों का प्रभाव बच्चों की मानसिकता पर होता है। खैर, जैसे-जैसे कावेरी बड़ी होती गई उसके पिता ने को-पेरेंटिंग की। कावेरी अपने पिता के साथ बहुत क्लोज है और शेखर भी कावेरी पर जान छिड़कते हैं।
क्या आपने वैवाहिक रिश्ता बचाने के लिए प्रयास नहीं किया?
अपने रिश्ते को संवारने के लिए मैंने पूरा प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाई। कमसिन उम्र में विवाह करना मेरी सबसे बड़ी गलती थी। कावेरी से मैं अब कहती हूं कि ३५ की उम्र होने तक अपने करियर पर फोकस करना। परिपक्वता आने से पहले विवाह करना बहुत बड़ी गलती है।
क्या कावेरी हमेशा से एक्टर बनना चाहती थी?
मेरी तरह बचपन से ही कावेरी का रुझान संगीत की ओर रहा है। म्यूजिक के प्रति उसके पैशन को देखकर ही मैंने उसे म्यूजिक की ट्रेनिंग भी दिलाई। सोशल मीडिया पर कावेरी के गाये कई गीत बेहद सराहे गए हैं। उसने चंद सोलो गीत भी गाये हैं। वो गीतों और कविताओं को खुद लिखती और कंपोज करती है। उसकी ग्रोथ देखकर खुशी मिलना स्वाभाविक है। कावेरी ने कभी एक्टिंग के बारे में नहीं सोचा, लेकिन निर्देशक कुणाल कोहली ने फिल्म ‘बॉबी और ऋषि की लव स्टोरी’ की कहानी सुनाते हुए कावेरी को इस फिल्म का ऑफर दिया। बतौर अभिनेत्री कावेरी ने फिल्मों में एक्टिंग करने के बारे में कभी नहीं सोचा था, यह एक संजोग की बात है। ‘बॉबी ऋषि की लव स्टोरी’ जिओ हॉट स्टार पर नंबर वन पर ट्रेंडिंग हो रही है। कावेरी को पहले अभिनय में इंट्रेस्ट नहीं था। ६ वर्ष की उम्र से म्यूजिक सीख रही कावेरी को जब कॉलेज में फिल्म का ऑफर मिला तो उसने मना कर दिया था। क्रिएटिव जींस उसे अपने पिता और मुझसे मिला है।
सुना है, अपने पिता शेखर कपूर के निर्देशन में कावेरी फिल्म ‘मासूम-२’ कर रही है?
हां, शेखर ने अपने निर्देशिन में बन रही फिल्म ‘मासूम-२’ में कावेरी को रोल दिया है। फिल्म में शबाना आजमी और नसीरुद्दीन शाह के साथ कावेरी लीड रोल में है। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और अपने पिता के साथ फिल्म में काम करना किस लड़की को भला नहीं अच्छा लगेगा?