मुख्यपृष्ठनए समाचारकुछ भी हो जाए हम नहीं दबेंगे! ... सीएम फडणवीस को मुनगंटीवार का...

कुछ भी हो जाए हम नहीं दबेंगे! … सीएम फडणवीस को मुनगंटीवार का संकेत

– कांग्रेस ने ली चुटकी, ‘इनके झगड़े का अंत नहीं’
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में भाजपा के भीतर अंतर्कलह थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। सत्ता में होने के बावजूद भाजपा के नेताओं में आपसी टकराव देखने को मिलता है। अपने विरोधियों को खत्म कर सीएम बने देवेंद्र फडणवीस के आगे फिलहाल कोई टिकने का नाम नहीं ले रहा है। विनोद तावड़े भी चुनाव के दौरान झटका लगने के बाद अब राज्य की राजनीति से दूरी बना चुके हैं। ऐसे में देवेंद्र फडणवीस अब अपने बचे हुए विरोधियों को साफ करने में जुटे हैं। उनके विरोधियों में फिलहाल सुधीर मुनगंटीवार सबसे आगे हैं। इस बार मंत्रिमंडल में शमिल नहीं किए जाने से वैसे भी मुनगंटीवार काफी नाराज हैं। गाहे-बगाहे उनकी नाराजगी खुलकर सामने आ जाती है। अब उन्होंने एक बात साफ-साफ कही है कि वे अब नहीं दबेंगे, चाहे कुछ भी हो जाए। इसके साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।

भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष
बनना चाहते हैं मुनगंटीवार

भाजपा में इन दिनों संगठनात्मक चुनाव चल रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष को लेकर भी कई नेता एड़ी- चोटी का जोर लगा रहे हैं। माना जा रहा है कि सुधीर मुनगंटीवार को इस बार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल सकती है। उन्हें इस बार मंत्री पद नहीं दिया गया है इसलिए प्रदेश का भाजपा अध्यक्ष बनाया जाएगा, पर उसमें भी देवेंद्र फडणवीस उंगली कर सकते हैं, ऐसा सूत्रों का दावा है। जिसे लेकर सुधीर मुनगंटीवार अब सतर्क भूमिका में आ गए हैं। कांग्रेस ने इस पर चुटकी ली है। भाजपा के आंतरिक विवाद सार्वजनिक होने के बाद कांग्रेस को आलोचना करने का सुनहरा मौका मिल गया है। पहले जहां भाजपा कांग्रेस पर निशाना साधती थी, अब खुद भाजपा ही विपक्ष को मौका दे रही है। इस मौके को भुनाते हुए कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेता अब आपस के झगड़ों में उलझे हैं। कांग्रेस में जो झगड़े होते हैं, वे क्षणिक होते हैं, लेकिन भाजपा में झगड़े खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहे। सिर की कड़क टोपी अब नरम हो गई है क्या? ऐसा दृश्य भाजपा में देखने को मिल रहा है। कांग्रेस के इस बयान पर सुधीर मुनगंटीवार ने भी पलटवार किया और कांग्रेस को आईना दिखाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि ‘अपने घर की ओर ध्यान न देकर, दूसरों के घर में क्या चल रहा है, यह देखना कांग्रेस की आदत है।

अन्य समाचार