मुख्यपृष्ठनए समाचारउपचुनाव में गड़बड़ी करनेवाले अधिकारियों के जगह-जगह पोस्टर लगायेंगे-अखिलेश यादव

उपचुनाव में गड़बड़ी करनेवाले अधिकारियों के जगह-जगह पोस्टर लगायेंगे-अखिलेश यादव

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार के अफसरों पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि उपचुनाव में भाजपा को जिताने के लिए अधिकारी भाजपा के कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंबेडकरनगर के जिलाधिकारी भाजपा के जिला अध्यक्ष की तरह काम कर रहे हैं। जो अधिकारी गड़बड़ करेंगे हम उनकी शिकायत चुनाव आयोग में करेंगे और जगह-जगह उनके पोस्टर लगा देंगे। अखिलेश यादव के रौद्र रूप से अफसरों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी है।

मंगलवार को अखिलेश ने अपने एक्स एकाउंट पर दोपहर का सामना में छपी खबर को डाल कर “महिला सिपाही के साथ हुए दुष्कर्म के मामले पर योगी सरकार को घेरा”। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के मामले में प्रदेश में कानून व्यवस्था जीरो है। प्रदेश में पुलिस दबाव में काम कर रही है। भाजपा ने पुलिस पर हथकड़ी लगा दी है। यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन एकजुट है। उपचुनाव मिलकर लड़ेंगे। भाजपा कितना भी जोर लगा ले लेकिन पीडीए एकजुट रहेगा। उन्होंने एक साल में यूपी में गरीबी दूर करने के भाजपा के दावे पर कहा कि एक साल में तो सरकार ही चली जाएगी।

अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बहराइच में दंगा करवाया है। ये लोग उपचुनाव में हार से डर गए हैं और अपनी नाकामी छिपाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भाजपा के दबाव में है। यूपी में फेक एनकाउंटर हो रहे हैं। सुल्तानपुर में मंगेश यादव का एनकाउंटर किया और जब सवाल उठने लगे तो एक ठाकुर का एनकाउंटर कर दिया।जनता जब तक भाजपा को नहीं हटाएगी न्याय नहीं मिलेगा।

इसके पहले, अंबेडकरनगर के कटेहरी कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए सपा प्रत्याशी शोभावती वर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। उन्होंने दो सेट में पर्चा भरा।सांसद लालजी वर्मा, पूर्व मंत्री विधायक राम अचल राजभर, पूर्व सांसद विधायक त्रिभुवन दत्त और पूर्व एमएलसी हीरालाल यादव के साथ नामांकन किया।

कटेहरी उपचुनाव में बसपा प्रत्याशी अमित वर्मा ने भी मंगलवार दोपहर बाद अपना परचा दाखिल कर दिया। कटेहरी से 2012 में काग्रेस से चुनाव लड़ चुके अमित इस बार बसपा से मैदान में हैं।

अन्य समाचार