सामना संवाददाता / मुंबई
महायुति सरकार में आए दिन महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार की घटनाएं अखबारों की सुर्खियों में छाई रहती हैं। अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी यह बात स्वीकार की है कि सभी क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को लगातार ट्रोलिंग का शिकार होना पड़ता है। इसके बावजूद कुछ महिलाएं अपने विचारों पर दृढ़ रहती हैं और इसका मुकाबला करती हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि राज्य में भारी पैमाने पर लव जिहाद के मामले हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शुरू में ऐसी घटना एक-दो अपवादस्वरूप होती थीं, किंतु जांच करने पर पता चला कि ये सब बड़े पैमाने पर हो रहा है। अनेक लड़कियों को फंसा लिया जाता है। इस कृत्य पर कठोर कार्रवाई करना आवश्यक है। इस उद्देश्य से हमने अधिकारियों की विशेष समिति तैयार की है। उनको ऐसे प्रकरणों का गहन विश्लेषण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए राज्य के महामार्गों पर प्रत्येक ५० किमी के अंतर पर सार्वजनिक स्वच्छतागृह उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसी के साथ उनका दीर्घकालीन व्यवस्थापन और देखभाल किए जाने की ठोस योजना बनाई गई है।