उत्तर प्रदेश में हाईवे और सड़कों का काम जोरों पर चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन कामों को विकास कह रहे हैं। वैसे उनके पीछे कितनी लापरवाही हो रही है इसका अंदाजा सड़कों की स्थिति को देखकर लगाया जा सकता है। राजधानी लखनऊ में सड़कों को बनाने में की जा रही लापरवाही की पोल खुल गई। विकास नगर में योगी जी का `विकास’ धंस गया। इलाके में रविवार की रात सड़क अचानक धंस गई, जिससे २० फीट गहरा गड्ढा बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद कल सुबह नगर निगम के अधिकारी जेसीबी और अन्य उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। गड्ढे को भरने के लिए मिट्टी और मलबा डाला गया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह घटना क्षेत्र में जल निकासी और सीवर लाइन की खराब स्थिति के कारण हुई। यहां पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। सड़क धंसने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नागरिकों का कहना है कि विकास नगर के इस इलाके में सड़क धंसने की यह पहली घटना नहीं है। यहां की सड़कें बार-बार धंसती रहती हैं। पिछले साल भी इसी जगह पर एक गड्ढा हुआ था, जिसे भरने के बाद प्रशासन ने इसे स्थायी समाधान का दावा किया था, लेकिन इस बार की घटना ने प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है।
घटना के तुरंत बाद नगर आयुक्त और नगर निगम के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सड़क धंसने का कारण सीवर लाइन का कमजोर होना पाया गया। जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढे को भरने का काम चल रहा है। नगर आयुक्त ने बताया कि एक स्थायी समाधान के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।